सतना : मऊगंज से नागपुर की ओर जा रही यात्री बस पर मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में बाइक सवारों ने हमला कर दिया. आरोपियों ने न सिर्फ बस पर पथराव किया बल्कि चालक परिचालक और हेल्पर के साथ बुरी तरह मारपीट भी की. इस मामले में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पहचान करते हुए आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊगंज से नागपुर की ओर जाने वाली विजयंत ट्रवेल्स की बस बुधवार की रात निकली थी.
यह बस जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर बेला अमरपाटन के बीच ओढक़ी टोल प्लाजा के सामने पहुंची वैसे ही उस लेन से बाइक सवार दो युवकों ने घुसने का प्रयास किया. जिसे देखते हुए टोल कर्मियों ने बाइक सवारों को लेन क्रमांक 7 के बजाए बाइक की लेन से जाने के लिए कहा. यह देख बाइक सवार युवकों ने टोल कर्मियों के साथ गाली-गलौच शुरु कर दी. इसी दौरान बस चालक ने टोल की लेन से निकलने के लिए रास्ता देने के लिए कहा. यह सुनकर बाइक सवार युवक टोल कर्मियों के साथ-साथ बस चालक से उलझ पड़े. जिसे अनसुना करते हुए चालक ने बस को लेकर आगे निकल गया.
इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने अपने कुछ साथियों को फोन कर दिया. रात के लगभग 9 बजे यात्री बस जैसे ही कुछ दूर आगे जाकर पड़हा पेट्रोल पंप के निकट पहुंची वैसे ही बाइक सवार 5 युवकों ने रोक लिया. देखते ही देखते बाइक सवार युवकों ने बस पर पथराव शुरु कर दिया. जिसके चलते बस के सामने हिस्से पर लगा कांच फूट गया और उसके टुकड़े चालक की आंख में लग गए. इतना ही नहीं कांच के टुकड़े बस के अंदर तक फैल जाने से यशत्रियों के बीच कोहराम मच गया. इसी कड़ी में बाइक सवार हमलावर बस के अंदर घुस गए और चालक परिचालक व हेल्पर के साथ बुरी तरह मारपीट शुरु कर दी. जिसके बाद वे धमकाते हुए बस से उतरकर भाग निकले. इस दौरान बस में सवार 45 यात्रियों की जान सांसत में अटकी रही.
अस्पताल में हुआ उपचार
बस चालक विजय सेन द्वारा सूचना दिए जाने पर अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. हमले के चलते घायल हुए चालक परिचालक और हेल्पर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर उनकी हालत को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरु कियसा गया. वहीं बस संचालक द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए दूसरे चालक परिचाल को भेजा गया. जिसके चलते रात के 12 बजे के बाद बस को आगे के लिए रवाना किया जा सका.
बाइक भी हुई दुर्घटनाग्रस्त
पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के अनुसार यात्री पर पथराव और चालक सहित स्टाफ के साथ मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अमरपाटन सतना मार्ग की ओर भागे. लेकिन ग्राम गढ़ौला के आगे जाने पर उनकी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जिसके चलते वे बुरी तरह घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा उन्हें उपचार के लिए सीसची पहुंचाया गया. जहां पर उनकी हालत को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सतना के लिए रेफर कर दिया गया. अमरपाटन थाने में दोनों बाइक सवारों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है
