
भोपाल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान आज वृंदावन में श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थ रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर उन्होंने सैनिक कल्याण कोष के लिए 22 लाख रुपए का योगदान भी दिया। वहीं, आगरा जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख ओमप्रकाश सिसोदिया के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित कर समाधि स्थल पर पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को वृंदावन प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी स्मृतियों को संजोकर तीर्थ स्थलों का विकास कर रही है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विश्व स्तर पर प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
वृंदावन में साध्वी सरस्वती दीदी की श्रीमद भागवत कथा में शामिल होकर डॉ. यादव ने आशीर्वाद लिया। साध्वी सरस्वती फाउंडेशन ने सैनिक सहायता कोष के लिए 11 लाख रुपए का चेक सौंपा, जिसके साथ प्रदेश सरकार की ओर से 11 लाख और जोड़कर कुल 22 लाख रुपए का योगदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की धरती को भी गोकुल जैसा बताया, जहां भगवान कृष्ण से जुड़े अनेक प्रसंग घटित हुए।
आगरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्राम बाकंदा पहुंचे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख ओमप्रकाश सिसोदिया के पिता स्व. जनक सिंह सिसोदिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। समाधि स्थल पर उन्होंने पौधरोपण भी किया।
आगरा एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। प्रवास के दौरान ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी उनके साथ रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आगामी नवरात्र पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और नारी शक्ति के सम्मान एवं कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने मां दुर्गा से सभी की सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना की।
