जबलपुर: बरगी बांध के 21 में से 9 गेट 1.33 मीटर औसत ऊंचाई तक खोल दिए गए हैं। इनसे 52 हजार 195 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा हैं। बांध का जल स्तर सुबह 11 बजे 417.40 मीटर रिकार्ड किया गया था और इस समय बरगी जलाशय में 98 हजार 742 क्यूसेक पानी प्रवेश कर रहा था। बांध का पूर्ण जलभराव स्तर 422.76 मीटर है।कार्यपालन यंत्री के अनुसार पानी की आवक को देखते हुये बरगी बांध से जल निकासी की मात्रा कभी भी बढाई या घटाई भी जा सकती है।
परियोजना प्रशासन ने अलर्ट जारी कर बांध के निचले क्षेत्र के रहवासियों से नर्मदा नदी के तट और घाटों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की अपील की है। रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बांया मेसनरी बांध संभाग के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह गौंड ने बताया कि बांध से पानी छोड़े जाने से नर्मदा नदी के जलस्तर में 4 से 5 फीट तक वृद्धि होगी। इसे देखते हुये कार्यपालन यंत्री ने निचले क्षेत्र के रहवासियों से सतर्क रहने, माँ नर्मदा के घाटों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने तथा डूब क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की है।
