
दमोह । जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव बुधवार दोपहर ‘नायक’ फिल्म की तर्ज पर अचानक देशी-अंग्रेजी कंपोजिट शराब दुकान पर पहुंचे। निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया। लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों में अवैध विक्रय और निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है। विभागीय अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित शराब दुकान का लाइसेंस एक अन्य स्थान के लिए जारी किया गया था, जबकि संचालन किसी दूसरे स्थान पर किया जा रहा था। जिस स्थान पर दुकान संचालित हो रही थी, वहां का कोई वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शराब दुकानों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
