भिंड:फूप थाने में पदस्थ आरक्षक अश्विनी राणा को निबुआ चौकी के पास एक डंपर ने टक्कर मार दी, वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अश्विनी ने ग्वालियर के बिरला अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। घटना की जानकारी लगते ही भिंड पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। बीती रात चंबल पुल के नजदीक बरही गांव के पास लंबा जाम लग गया था। जाम खुलवाने के लिए फूप थाना पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त जवानों की जरूरत पड़ने पर अश्विनी राणा को भी कॉल कर बुलाया गया।
वे अपनी बाइक से मौके पर पहुंचे और बरही के पास गुरुजी ढाबा पर बाइक खड़ी कर ड्यूटी में जुट गए। तभी निबुआ चौकी के पास एक अज्ञात डंपर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल भिंड अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया जहां उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि अश्विनी राणा मूल रूप से सोनीपत (हरियाणा) के निवासी थे और वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। उनकी पहली पोस्टिंग भिंड में ही हुई थी।
