नयी दिल्ली, 16 नवंबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने विधायकों से लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया है। श्री राधाकृष्णन ने 17वीं ओडिशा विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक वाद-विवाद, विचारपूर्ण चर्चा और रचनात्मक सहयोग जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतना जनसेवा की शुरुआत है और जनता का सम्मान केवल सेवा से अर्जित किया जा सकता है। विधानसभा में उठाया गया प्रत्येक प्रश्न और पारित प्रत्येक कानून नागरिकों के जीवन में बदलाव ला सकता है। उन्होंने विधायकों से सदन की कार्यवाही सुचारु रखने और जनता तथा संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
उपराष्ट्रपति ने विधायकों से प्रश्नकाल और शून्यकाल का प्रभावी इस्तेमाल करने तथा विधायी नियमों, बजटीय प्रक्रियाओं और संसदीय परंपराओं की जानकारी रखने को कहा। उन्होंने विधायी कामकाज में कृत्रिम मेधा (एआई) और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के अधिक इस्तेमाल पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में ओडिशा की प्रगति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने 2036 में राज्य गठन की शताब्दी के मद्देनजर ‘विजन ओडिशा 2036’ के तहत ओडिशा को विकसित, समृद्ध और समावेशी बनाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी, उपाध्यक्ष भवानी शंकर भोई और विधानसभा के सदस्य उपस्थित थे।

