नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने शुक्रवार को छात्रों के लिए विशेष ऑफर की घोषणा की, जिसके 20 अक्टूबर तक घरेलू यात्रा के लिए बुकिंग कराने पर मूल किराये पर 10 प्रतिशत की फ्लैट छूट दी जाएगी।
एयरलाइंस ने बताया कि सीमित समय का यह ऑफ़र एयर इंडिया के साल भर चलने वाले छात्रों के प्रोग्राम पर आधारित है। छात्र पूरे साल के दौरान स्टूडेंट ट्रैवल सीजन के दौरान दाखिले, इंटर्नशिप, कैंपस प्लेसमेंट या एकेडमिक ब्रेक के उद्देश्य से यात्रा करने के लिए इस ऑफर का लाभ उठा सकेंगे। घरेलू उड़ानों में मूल किराये में 10 प्रतिशत की छूट के अलावा 10 किलोग्राम अतिरिक्त सामान ले जाने की सुविधा दी जाएगी। एक बार मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने की भी सुविधा मिलेगी।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 प्रतिशत की सीधी छूट सीमित समय के लिए उपलब्ध है। साल भर मिलने वाले ये फायदे प्रमोशनल अवधि के बाद भी लागू नियमों और शर्तों के अधीन जारी रहेंगे।मूल किराये में छूट एक तरफ की यात्रा या आने-जाने दोनों की उड़ानों की बुकिंग पर उपलब्ध है। लॉग-इन कर टिकट बुक कराने वाले ग्राहकों को सुविधा शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। पात्र यात्री यूपीआई से भुगतान कर प्रोमो कोड ‘यूपीआईप्रोमो’ का इस्तेमाल करके प्रति यात्री 1,000 रुपये तक की अतिरिक्त छूट पा सकते हैं।
यात्रा के दिन छात्र की उम्र कम से कम 12 साल होनी चाहिए। उनका कम से कम एक साल चलने वाले पूर्णकालिक कोर्स में दाखिला जरूरी होगा। यात्रा के समय उनके पास किसी पात्र संस्थान या मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय का आईडी कार्ड या संबंधित दस्तावेज होना चाहिए।
