
आष्टा. नगरपालिका अध्यक्ष, उनके प्रतिनिधि और सीएमओ द्वारा शहर को स्वच्छ रखने के जो दावे किए जा रहे हैं, उनकी कलई खोलने नगर में पसरी गंदगी काफी है. जगह- जगह लगे गंदगी व कूड़े के ढेर नपा की कार्यप्रणाली को बयां कर रहे हैं.नपा के जिम्मेदार शहर में पर्याप्त सफाई व्यवस्था के दावे करते नहीं अघा रहे, लेकिन यह दावे धरातल पर असत्य साबित हो रहे हैं. नगर में जगह- जगह कूड़े के ढेर लगे हैं तो महीनों से सफाई के अभाव में नालियों में गंदगी बनी है. बात की जाए सफाई व्यवस्था की तो वार्ड क्रमांक 2 में हालात बेहद खराब हैं.
वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं और सड़कों पर कचरा फैला हुआ है, जिससे आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोगों को घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है. वार्ड पार्षद इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी व्याप्त है. नागरिकों ने जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि उन्हें साफ-सुथरा और स्वस्थ वातावरण मिल सके. नागरिकों ने कहा अगर सफाई नहीं हुई तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
