श्रीनगर 16 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के बडगाम में पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े तीन आतंकवादी मददगारों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आतंकवादियों के तीनों मददगार की पहचान बारामूला जिले के अगलार पट्टन निवासी मुजम्मिल अहमद और इशफाक पंडित तथा मीरीपोरा बीरवाह बडगाम निवासी मुनीर अहमद के रूप में की है।
पुलिस ने कहा कि तीनों आतंकवादियों को मगाम के कावूसा नरबल इलाके से गिरफ्तार कर उनके पास से एक पिस्तौल और एक हथगोला सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
पुलिस ने मागम थाने में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार किये गये तीनों व्यक्ति वुसन पट्टन के सक्रिय आतंकवादी आबिद कयूम लोन के निकट संपर्क में थे, जो 2020 में पाकिस्तान भाग गया था और बाद में लश्कर-ए-तैयबा संगठन में शामिल हो गया था।
पुलिस ने कहा, “आतंकवादी आबिद कयूम लोन पाकिस्तान से काम कर रहा है और स्थानीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, उन्हें आतंकवादी रैंकों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने और उन्हें बडगाम जिले के नरबल-मगाम क्षेत्र में आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों को अंजाम देने के लिए निर्देशित करने में शामिल है। गिरफ्तार किए गए आतंकवादी सहयोगी उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे और उन्हें क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के साथ-साथ अन्य युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और आतंकवाद में शामिल करने का प्रयास करने का काम सौंपा गया था।”
