गुवाहाटी, (वार्ता) गुवाहाटी में जल्दी सूर्योदय और सूर्यास्त होने के चलते भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में खिलाड़ी पहले चाय और फिर दोपहर का भोजन करेंगे। आमतौर पर डे-नाईट टेस्ट में रात के खाने से पहले टी ब्रेक होता है लेकिन बीसीसीआई ने पूर्वोत्तर भारत में तेजी से ढलती रोशनी के कारण गुवाहाटी में डे-नाईट के बजाय दिन का टेस्ट मैच आयोजित कराने का फ़ैसला किया।
22 नवंबर से शुरू होने वाला यह टेस्ट मैच गुवाहाटी में आयोजित होने वाला पहला टेस्ट होगा, हाल ही में हुए महिला वनडे विश्व कप के दौरान यहां मुक़ाबले खेले गए थे। बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया ने पुष्टि की कि यह टेस्ट भारत में लाल गेंद से खेले जाने वाले टेस्ट मैचों की तुलना में आधे घंटे पहले शुरू होगा।
गुवाहाटी में टॉस सुबह 8.30 बजे होगा और पहला सत्र नौ से 11 बजे तक होगा। इसके बाद 20 मिनट का टी ब्रेक होगा। लंच 1.20 से दोपहर दो बजे तक होगा। जबकि अंतिम सत्र चार बजे तक समाप्त होगा।
सैकिया के अनुसार 11 बजे तक पहले सत्र की समाप्ति के बाद लंच ब्रेक खिलाड़ियों के लिए काफ़ी जल्दी हो जाता इसलिए बीसीसीआई ने समय में बदलाव करने का फ़ैसला किया।
सैकिया ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, “यह एक व्यवहारिक फ़ैसला है। ठंड में उत्तर-पूर्वी भारत में जल्दी सूर्योदय और सूर्यास्त हो जाता है। शाम के चार बजे तक रोशनी कम होने लगती है और इसके बाद खेलने संभव नहीं हो पाता। इसलिए हमने मैच जल्दी शुरू करने का फ़ैसला किया और मैच सुबह नौ बजे शुरू होगा।”
सीरीज़ शुक्रवार को ईडन गार्डन्स में शुरू होगा जहां टॉस के समय सोने की परत वाले सिक्के का इस्तेमाल किया जाएगा जिसकी दोनों तरफ़ बीसीसीआई और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका का प्रतीक चिन्ह होगा।
