बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर पुलिसकर्मियों के भी कटे चालान

इंदौर:हेलमेट अनिवार्यता अभियान के तहत अब इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने अपने ही विभाग के नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है. बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले पुलिसकर्मियों के चालान बना दिए गए.इंदौर शहर में हेलमेट नियमों के सख्त पालन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब पुलिसकर्मी भी जांच के दायरे में आ गए हैं. मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम, पलासिया पर एक विशेष टीम तैनात की गई, जिसने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले पुलिसकर्मियों के चालान बनाए.

वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्रमुख चौराहों पर तैनात चेकिंग टीम भी बिना हेलमेट के दोपहिया चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर समान रूप से कार्रवाई करे.
दरअसल, बीते चार दिनों से आम नागरिकों के बीच इस अभियान को लेकर नाराजगी थी. सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते नजर आ रहे थे. आमजन का कहना था कि जब नियम लागू करने वाले ही पालन नहीं करेंगे तो अभियान की विश्वसनीयता पर सवाल तो उठेंगे ही. इस फीडबैक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थानों और ट्रैफिक डिवीजनों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हेलमेट अभियान में किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी, चाहे वह आम नागरिक हो या वर्दीधारी पुलिसकर्मी.

पुलिस ने ही पुलिस को रोका
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश के बाद नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी. पलासिया स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर बिना हेलमेट पहुंचे पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई. मंगलवार को कंट्रोल रूम परिसर का नजारा कुछ अलग था. आम जनता की जगह वर्दीधारी पुलिसकर्मी ही चालान कटवाते नजर आए. कंट्रोल रूम में प्रवेश करते समय जिन पुलिसकर्मियों ने हेलमेट नहीं पहना था, उन्हें अफसरों के निर्देश पर रोका गया. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद चालानी दस्ते से विवाद भी किया और अपनी मजबूरी बताई, लेकिन उन्हें कोई रियायत नहीं दी गई. कुछ पुलिसकर्मियों से मौके पर ही स्पॉट फाइन वसूला गया, जबकि अन्य को ऑनलाइन चालान भरने को कहा गया.

पुलिस कमिश्नर की चेतावनी के बाद सख्ती
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नियम सभी के लिए बराबर हैं. उन्होंने पुलिसकर्मियों को हेलमेट पहनने की सख्त हिदायत दी थी. सख्ती बरतने से पहले तीन दिनों तक पुलिसकर्मियों को समझाइश दी गई, इसके बावजूद कर्मचारियों की लापरवाही जारी रही, तो मंगलवार को एक्शन लिया गया.

Next Post

मुस्कान अभियान : बालिकाओं को सुरक्षा के गुर सिखाए

Wed Nov 12 , 2025
इंदौर:प्रदेशभर में चल रहे ‘मुस्कान अभियान’ के तहत तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित सॉफ्ट विजन कॉलेज में पुलिस अधिकारियों ने लगभग 200 बालिकाओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश दिए. कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ हर स्थिति में सजग रहना सिखाना […]

You May Like