लंदन, 27 अप्रैल (वार्ता) ओलंपियन मनिका बत्रा, साथियान ज्ञानशेखरन, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई मंगलवार को यहां शुरु होने वाली आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में 10 सदस्यीय भारतीय टीम अगुवाई करेंगे। कल से 10 मई तक होने वाली इस विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप के मैच ओवीओ एरिना वेम्बली में खेले जाएंगे। टेबल टेनिस टूर्नामेंट में पुरुषों और महिलाओं के अलग-अलग प्रतियोगिताएं होगी – क्रमशः स्वेथलिंग कप और कॉर्बिलन कप। हर टाई में पाँच एकल मैच होते हैं, जिसमें तीन रबर जीतने वाली पहली टीम आगे बढ़ती है।
टूर्नामेंट में महिला और पुरुष वर्ग की शामिल कुल 64 टीमो को चार-चार के 16 ग्रुप में बांटा गया है। वर्ल्ड नंबर 38 ठक्कर की लीडरशिप में भारत की पुरुष टीम को स्टेज 1बी के ग्रुप 7 में स्लोवाकिया, ट्यूनीशिया और ग्वाटेमाला के साथ रखा गया है। वर्ल्ड नंबर 49 बत्रा की लीडरशिप में महिला टीम का सामना स्टेज 1बी के ग्रुप 6 में यूक्रेन, युगांडा और रवांडा से होगा।

