छतरपुर।जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए छतरपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने जिले के विभिन्न होटल, ढाबों और लॉज में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वहां ठहरने वाले व्यक्तियों की जानकारी के लिए रजिस्टर का अवलोकन किया और दर्ज रिकॉर्ड की पुष्टि की। जिन जगहों पर रिकॉर्ड अधूरा पाया गया, वहां संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अभियान के दौरान आपत्तिजनक सामग्री, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने संचालकों से कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत थाने को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
एसपी अगम जैन ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
