फर्जी भुगतान: फरार ठेकेदार अर्पित शर्मा पर 10 हजार का इनाम, फरार इंजीनियर अरेस्ट

शिवपुरी: शिवपुरी नगर पालिका में सड़कों के गड्ढे भरने के नाम पर 16 लाख रुपये से ज्यादा का फर्जी भुगतान कराने वाले मामले में पुलिस ने फरार ठेकेदार अर्पित शर्मा पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने आदेश जारी कर कहा है कि आरोपी को पकड़वाने वाले को यह इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस घोटाले में नगर पालिका के इंजीनियर सतीश निगम और जितेंद्र परिहार को तीन दिन पहले हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा अब तक फरार है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब कुछ पार्षदों ने कलेक्टर रविंद्र चौधरी से शिकायत की कि नगर पालिका में मुरम, गिट्टी और कत्तल डालने के नाम पर लाखों रुपये का फर्जी भुगतान किया गया है। कलेक्टर द्वारा कराई गई जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने इंजीनियर सतीश निगम, जितेंद्र परिहार और ठेकेदार अर्पित शर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।

घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों इंजीनियर हिमाचल प्रदेश में छिपे हुए हैं। कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपियों को पकड़कर शिवपुरी लाई। दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जो मंगलवार शाम तक पूरा होगा। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा पर एसपी द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने के बाद शिकायत दर्ज कराने वाले पार्षदों ने भी अपनी ओर से 21 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि इनाम की घोषणा के बाद आरोपी के ठिकाने की जानकारी जल्द मिल सकती है।

Next Post

खैरो और मातगुवां के ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण में की उचित मुआवजे की मांग

Wed Aug 13 , 2025
छतरपुर। सागर-कानपुर हाईवे निर्माण के तहत भूमि अधिग्रहण में ग्राम खैरो और मातगुवां के ग्रामीणों को उचित मुआवजा न मिलने से नाराज़गी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी कृषि भूमि और मकान सड़क निर्माण में प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब तक उन्हें बाजार मूल्य के अनुसार […]

You May Like