
खातेगांव। टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस की जांच के बीच शुक्रवार को मुख्य शराब कारोबारी मनीष जायसवाल की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त हो गई। रिमांड पूरी होने पर पुलिस ने उसे दोपहर में न्यायालय के समक्ष पेश किया। यहां सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी मनीष जायसवाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश जारी किए। न्यायालय में पेशी के दौरान मनीष के साथ पुलिस बल मौजूद रहा। इस दौरान मीडिया ने उससे मामले से जुड़े सवाल पूछने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और चुप्पी साधे रखी।
इस बहुचर्चित मामले में तीन अन्य आरोपी अभी पुलिस रिमांड पर हैं। इनमें आरोपी पार्टेंद्र जायसवाल, ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत और क्लीनर धीरज शामिल हैं। पुलिस इन तीनों से मामले के संबंध में पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पार्टेंद्र जायसवाल की रिमांड अवधि 22 नवंबर को समाप्त होगी, जबकि गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत और क्लीनर धीरज की रिमांड 23 नवंबर तक है।
आगे की जांच पर टिकी नजरें-
मनीष जायसवाल को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब पुलिस की पूछताछ शेष तीन आरोपियों पर केंद्रित है। उनकी रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें भी न्यायालय में पेश किया जाएगा। हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम और आरोपियों से पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों को लेकर आगे की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जाम में कुछ देर के लिए रुकी आरोपी को ले जा रही गाड़ी-
थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड के आरोपी को कन्नौद उपजेल ले जा रही पुलिस की गाड़ी को मार्ग में लगे यातायात जाम के कारण कुछ देर के लिए रुकना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अभिरक्षा में आरोपी को कन्नौद उपजेल ले जाया जा रहा था। इसी मुख्य मार्ग पर देवउठनी एकादशी होने के कारण गन्ने और बोर, भाजी बेचने वालों की सैकड़ों दुकानें लगी हुई थी। इस दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया, जिससे पुलिस वाहन की रफ्तार थम गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद जब यातायात सामान्य हुआ, तो पुलिस का काफिला आरोपी को लेकर सुरक्षित रूप से रवाना हो गया। गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब तस्करी की कार्रवाई के दौरान टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ड्राइवर समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
