
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में फेफड़ों के कैंसर की जांच और उपचार की आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17वें राष्ट्रीय सम्मेलन ‘नेलकॉन-2026’ का शुभारंभ हुआ। इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ लंग कैंसर (आईएसएसएलसी) के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन की थीम ‘डिस्कवरी टू रिकवरी : शेपिंग लंग कैंसर मैनेजमेंट’ रखी गई है। सम्मेलन के तहत आयोजित इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी कार्यशाला में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक जांच और उपचार तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला का उद्घाटन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने किया। इस दौरान डॉ. अनुराग शुक्ला और डॉ. भरत मेहरोत्रा ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। विशेषज्ञों ने फेफड़ों के कैंसर की समय रहते पहचान, सटीक निदान और बीमारी की अवस्था निर्धारित करने में आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता बताई।
कार्यशाला में ब्रोंकोस्कोपी, एंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड (ईबीयूएस), क्रायोथेरेपी और मेडिकल थोरेकोस्कोपी जैसी तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि ईबीयूएस के माध्यम से श्वासनलियों के आसपास मौजूद लिंफ नोड्स से नमूने लेकर कैंसर की पहचान और उसकी अवस्था का निर्धारण किया जा सकता है। वहीं, आधुनिक ब्रोंकोस्कोपी की मदद से श्वासनली में ट्यूमर के कारण होने वाले अवरोध को दूर करने में भी सहायता मिलती है।
प्रशिक्षण सत्र में डॉ. विक्रम गौतम ने ब्रोंकोस्कोपी की तैयारी और उसके उपयोग, डॉ. अर्जुन भटनागर ने इसकी बुनियादी तकनीक तथा डॉ. ए.के. सिंह ने आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों में ब्रोंकोस्कोपी के बारे में जानकारी दी। डॉ. अर्जुन एस. कश्यप ने ईबीयूएस की प्रक्रिया और उससे जुड़ी चुनौतियों पर प्रशिक्षण दिया। वहीं, डॉ. अजमल खान ने श्वासनली में स्टेंट लगाने, बाहरी वस्तुओं को निकालने और क्रायो तकनीक के चिकित्सकीय उपयोग समझाए।
इसके अलावा डॉ. अंकित कुमार ने ब्रोंकोस्कोपी के दौरान बेहोशी और संभावित जटिलताओं, डॉ. संदीप कटियार ने मेडिकल थोरेकोस्कोपी तथा डॉ. नीलिमा सचान ने कैंसर की पैथोलॉजी जांच की गुणवत्ता और व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की।
विशेषज्ञों ने कहा कि फेफड़ों के कैंसर का उपचार अब केवल पारंपरिक सर्जरी और कीमोथेरेपी तक सीमित नहीं है। इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी की आधुनिक तकनीकें कैंसर की पहचान, स्टेजिंग, श्वासनली में अवरोध दूर करने और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सम्मेलन का मुख्य वैज्ञानिक कार्यक्रम 21 और 22 नवंबर को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में आयोजित किया जाएगा।
