
आलीराजपुर, आगामी त्यौहारों एवं लोक स्वास्थ्य को दृष्टिगत मिलावटी खाद्य एवं पेय सामग्री के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं उपयोग पर प्रभावी रोकथाम के लिए जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 एवं वर्ष 2026-27 में की गई गतिविधियों एवं कार्यवाहियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाने, उनकी जांच तथा नियमानुसार की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया गया।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रभावी निरीक्षण एवं जांच कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य सामग्री की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी, नापतौल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त दल गठित कर नियमित रूप से निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों एवं अन्य खाद्य कारोबारियों पर विशेष निगरानी रखते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के साथ आमजन एवं खाद्य कारोबारियों को जागरूक करना भी आवश्यक है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं तथा होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई एवं अन्य खाद्य व्यवसाय से जुड़े संचालकों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाए। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मापदंडों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
