
पर्यटक हुए रोमांचित, बांधवगढ़ के मगधी जोन में दिखा नजारा
उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अंतर्गत मगधी जोन में गुरुवार की सुबह गाय का शिकार करने बाघ उसके पीछे दौड़ा और बाघ के पीछे सियार दौड़ पड़ा। ऐसा नजारा देखकर पर्यटक रोमांचित हो गए।
जंगल सफारी के दौरान जमोल नामक एक बाघ झाड़ी पर आराम फरमा रहा था। जैसे ही उसकी नजर गाय पर पड़ी तो बाघ ने शिकार के लिए सुरक्षा फेंसिंग लांघते हुए गाय का पीछा करना शुरू कर दिया, जैसे ही बाघ ने गाय की ओर छलांग लगाई तो सियार ने भी बाघ के पीछे दौड़ लगा दी। इस नजारे को एक पर्यटक द्वारा कैमरे में कैद कर लिया गया। बता दें कि इस तरह के नजारे के लिए बांधवगढ़ में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जाना जाता है। इस नजारे ने ना केवल पर्यटकों को रोमांचित किया, बल्कि यह भी दिखाया कि जंगल हर क्षण अप्रत्याशित और रोमांचकारी हो सकता है। जहां बाघ शिकारी की भूमिका में था, वहीं सियार की भागीदारी ने इस पूरी घटना को और भी दिलचस्प बना दिया।
ऐसा दृश्य पहले कभी नहीं देखा गया : गाइड
स्थानीय गाइडों का कहना है कि ऐसा दृश्य पहले कभी नहीं देखा गया। बाघ इस क्षेत्र में सक्रिय रहता है, लेकिन इस प्रकार के शिकार के लिए सामूहिक दौड़ लगाना जंगल में बहुत ही दुर्लभ नज़ारों में है।
