
इंदौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने बड़वानी जिले के राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ तीन डॉक्टरों को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी मरीजों को निजी लैब पर भेजने के एवज में कमीशन मांग रहे थे. तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
लोकायुक्त पुलिस की अधिकृत जानकारी के अनुसार फरियादी अदनान अली उम्र 27 साल निवासी राजपुर, अपने पिता की पैथोलॉजी लैब में मैनेजर है. उसने शिकायत में बताया कि आरोपी डॉ. अमित शाक्य, डॉ. दिव्या साईं और डॉ. मनोहर गोदारा मरीजों को उसकी लैब पर भेजने के बदले 20 फीसदी कमीशन लेते थे, जिसे बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया था. शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाया गया. इसके बाद तीनों आरोपी कम रकम लेने पर सहमत हुए. तय योजना के अनुसार गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने ट्रैप बिछाया. इस दौरान डॉ. अमित शाक्य को 8 हजार, डॉ. दिव्या साईं को 5 हजार और डॉ. मनोहर गोदारा को 12 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. उक्त कार्रवाई डीएसपी सुनील तालान और उनकी टीम द्वारा की गई है. डीएसपी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
