जोहान्सबर्ग, 23 जनवरी (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका की ‘डेमोक्रेटिक अलायंस’ (डीए) के नेता जॉन स्टीनहुइसन ने उन दावों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका में तथाकथित ‘श्वेत नरसंहार’ हो रहा है।
डीए नेता ने गुरुवार को ‘प्रेस गैलरी एसोसिएशन’ में मीडिया से बात करते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका में कोई ‘श्वेत नरसंहार’ नहीं हो रहा है, बल्कि यहाँ अपराध की एक गंभीर और व्यापक समस्या है जो नस्ल की परवाह किए बिना सभी नागरिकों को प्रभावित कर रही है।
श्री स्टीनहुइसन ने कहा, “यदि कोई ठोस आंकड़ों पर नजर डाले, तो यह बिल्कुल स्पष्ट है कि अपराध की समस्या कहां है और इसका बोझ कौन उठा रहा है। यह श्वेत नरसंहार नहीं है, बिल्कुल भी नहीं।”
उन्होंने कहा, “हाँ, श्वेत लोगों की हत्याएं होती हैं। लेकिन हमारे यहाँ अश्वेत और मिश्रित नस्ल के दक्षिण अफ्रीकी, भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी और अन्य दक्षिण एशियाई मूल के लोग भी हैं, जिनकी हत्याएं हो रही हैं।”
उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दावोस में ‘विश्व आर्थिक मंच’ (डब्ल्यूईएफ) में किए गए उन दावों के जवाब में आई है, जिसमें श्री ट्रंप ने फिर से आरोप लगाया था कि दक्षिण अफ्रीका ‘श्वेत नरसंहार’ का सामना कर रहा है।
श्री स्टीनहुइसन ने कहा, “इसके विपरीत सभी सबूतों, ठोस आंकड़ों और इस बात को प्रदर्शित करने के तमाम प्रयासों के बावजूद कि दक्षिण अफ्रीका में ऐसा नहीं है, इस देश के बारे में श्री ट्रंप की अपनी एक धारणा है।”
डीए नेता ने कहा कि श्री ट्रंप तथ्यों के खंडन की परवाह किए बिना अपने एजेंडे के अनुरूप एक कहानी को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “वे इस पर विश्वास नहीं करेंगे क्योंकि उन्हें अपना वह एजेंडा आगे बढ़ाना है।”
श्री स्टीनहुइसन ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका एक शानदार देश है। यहाँ अविश्वसनीय चीजें हो रही हैं, लेकिन बुरी चीजें भी हो रही हैं, ठीक वैसे ही जैसे संयुक्त राज्य अमेरिका में होती हैं।
