अनिका की मदद के लिए फिल्मी हस्तियां आई आगे

इंदौर. गंभीर बीमारी से जूझ रही मासूम अनिका शर्मा की मदद के लिए अब फिल्मी हस्तियां भी आगे आने लगी है. अनिका के महंगे और संवेदनशील इलाज के लिए जब उम्मीदें कमजोर पड़ने लगीं थी, तब इंदौर की जनता ने इस संघर्ष को नया संबल दिया. अब इस मानवीय अभियान से देश की जानी मानी हस्तियां भी जुड़ने लगी है.

अभियान से जुड़े अनिश पांडे ने बताया कि अनिका शर्मा एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है, जिसके इलाज के लिए करोड़ों रुपये के इंजेक्शन की जरूरत है. सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार लगातार संकट से जूझ रहा है. ऐसे में इंदौरवासियों ने आगे बढ़कर जनसहयोग का बड़ा अभियान शुरू किया, जिसने अब देशभर का ध्यान खींच लिया है. इस अभियान को उस वक्त और मजबूती मिली, जब लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो बिग बॉस की पहचान बन चुके मशहूर वॉइस आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह ने अनिका के लिए अपनी आवाज़ उठाई. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भावुक अपील करते हुए कहा कि एक मासूम की जिंदगी बचाने के लिए सभी सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए और समय रहते परिवार का साथ देना चाहिए. इसके बाद फिल्म अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने भी अनिका के लिए मार्मिक अपील की, वहीं मशहूर प्लेबैक सिंगर पलक मुछाल ने भी बेबी अनिका के इलाज के लिए लोगों से सहयोग का आह्वान किया है. इन हस्तियों की संवेदनशील पहल से अभियान को नई ऊर्जा मिली है. अनिका की हालत और इलाज की गंभीर जरूरतों को देखते हुए शहर के कई सामाजिक संगठन भी सक्रिय हो गए हैं. परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि इंदौर की जनता और देशभर से मिल रहा सहयोग उनकी बच्ची के जीवन की डोर को मजबूत करेगा. इंदौर एक बार फिर साबित कर रहा है कि जब बात इंसानियत की हो, तो यह शहर सिर्फ आगे नहीं बढ़ता, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बन जाता है. मासूम अनिका के लिए उठी हर आवाज़, हर दुआ और हर मदद उसकी जिंदगी की उम्मीद बन गई है.

Next Post

प्रशासनिक देरी पर जनता का फूटा गुस्सा, वर्षों से अटका अंडरपास को आखिर जनता ने खोला

Mon Dec 15 , 2025
इंदौर. सिंगापुर टाउनशिप क्षेत्र में बना अंडरपास वर्षों की देरी और बार बार टलते उद्घाटन के बाद आखिरकार जनता खोल दिया. क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद अहम माने जा रहे इस अंडरपास का निर्माण तय समय सीमा में पूरा किया जाना था, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और अनावश्यक विलंब […]

You May Like