
तेहरान,02 जुलाई (वार्ता) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ देश के सहयोग को फिलहाल रोकने के लिए कानून लागू करने का आदेश दिया है।
‘तस्नीम न्यूज’ एजेंसी ने बुधवार को बताया कि ईरानी संवैधानिक परिषद के प्रवक्ता हादी तहन नाजिफ ने कहा कि कानून में आईएईए के साथ फिलहाल सहयोग नहीं करने का प्रावधान है। यह तब तक जारी रहेगा जब तक कि ईरान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और इसकी परमाणु सुविधाओं तथा वैज्ञानिकों की सुरक्षा पूरी तरह से सुनिश्चित नहीं हो जाती।”
रिपोर्ट में कहा गया है कि श्री पेजेशकियन ने मंगलवार को ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन,विदेश मंत्रालय और सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को लागू करने का आदेश दिया।
श्री नाजिफ ने कहा कि पिछले बुधवार को ईरानी संसद की ओर से पारित और अगले दिन संवैधानिक परिषद द्वारा अनुमोदित अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान की राष्ट्रीय संप्रभुता के उल्लंघन तथा देश की क्षेत्रीय अखंडता के साथ-साथ शांतिपूर्ण परमाणु सुविधाओं पर उनके हमलों के कारण कानून बनाया गया था।
गौरतलब है कि गत 13 जून को इजरायल ने ईरान के कई क्षेत्रों पर बड़े हवाई हमले किए जिनमें परमाणु और सैन्य स्थल शामिल थे जिसमें वरिष्ठ कमांडर, परमाणु वैज्ञानिक तथा कई नागरिक मारे गए। ईरान ने भी इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर मुंहतोड़ जवाब देने का प्रयास किया।
इसके बाद गत 22 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने तीन ईरानी परमाणु स्थलों – फोर्डो, नतांज और एस्हाफाहन पर हवाई हमले किए थे। जवाब में ईरान ने कतर में अमेरिकी अल उदीद एयर बेस पर मिसाइल हमले किए।
उल्लेखनीय है कि 12 दिनों की लड़ाई के बाद 24 जून को ईरान और इजरायल के बीच युद्धविराम हुआ।
