21 हजार से ज्यादा महिलाएं पहुंची लर्निंग लाइसेंस बनवाने

इंदौर: नगर निगम के निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस शिविर में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी. स्थिति यह हो गई है कि तय समय के बजाय शाम 6 बजे तक आवेदन लेना पड़े. इतना ही नहीं 10 हजार महिलाओं के लाइसेंस जारी करने के बाद 11 हजार महिलाओं के आवेदन पर लाइसेंस जारी नहीं हो सके हैं. दो दिन में परिवहन विभाग लर्निंग लाइसेंस बनाकर देगा.

इंदौर नगर निगम और परिवहन विभाग संयुक्त ट्रैफिक मित्र अभियान के तहत शहर के 22 झोनल कार्यालय पर महिलाओं के लिए निशुल्क लर्निंग लाइसेंस ट्रैफिक शक्ति शिविर लगाया गया था. शिविर का समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक रखा गया था. उक्त शिविर में लर्निंग लाइसेंस बनाना निःशुल्क होने कारण झोनल कार्यालयों पर महिलाओं और लड़कियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्थिति यह हो गई कि दोपहर 2 बजे के स्थान पर निगम और परिवहन विभाग को समय शाम 6 बजे तक करना पड़ा. इसके बावजूद परिवहन विभाग पूरे लाइसेंस जारी नहीं कर सका.

भीड़ को देखते हुए निगम और परिवहन विभाग ने सभी के आवेदन लेकर रख लिए है. आज करीब 10 हजार महिलाओं के लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए है. शेष 11 हजार महिलाओं के लर्निंग लाइसेंस परिवहन विभाग दस्तावेज जांच के बाद दो दिन में जारी करेगा. महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देश पर आयोजित शिविर में महिलाओं को आधार कार्ड और उससे लिंक मोबाइल नंबर के साथ दस्तावेज़ों के आधार पर दोपहिया गियर व बिना गियर और चार पहिया वाहनों के निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए है। शिविर के दौरान महिलाओं को ट्रैफिक नियमों, सड़क सुरक्षा और लर्निंग टेस्ट की तैयारी से संबंधित जानकारी भी दी गई.

बेटियां और महिलाए अनुशासित नागरिक बन रही
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह अभियान केवल लाइसेंस बनवाने की पहल नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और बराबरी के साथ सड़क पर उतरने का अवसर देने का संकल्प है. शहर की बेटियां और महिलाएं सुरक्षित, आत्मनिर्भर और ट्रैफिक अनुशासित नागरिक बन रही हैं.

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है
शिविर कोऑर्डिनेटर ऋषभ बागोरा ने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी महिलाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क था. हमारा उद्देश्य न केवल ड्राइविंग की क्षमता देना है, बल्कि ट्रैफिक अनुशासन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाना है. शिविर में सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षदगण, ट्रैफिक मित्र टीम और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा.

Next Post

भगवान चंद्रमौलेश्वर पालकी में होंगे आरूढ़, सीएम करेंगे पूजा

Mon Jul 21 , 2025
उज्जैन: सावन मास की दूसरी सवारी आज सोमवार को मंदिर प्रांगण से सभा मंडप से शाम 4 बजे प्रारंभ होगी, रजत पालकी में आरूढ़ भगवान चंद्र मलेश्वर का मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पूजन करेंगे. सवारी के दौरान सीएम स्वयं भी पैदल चलते हुए बाबा महाकाल के जयकारे लगाएंगे.नवभारत से चर्चा […]

You May Like