
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, अभियानों एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को विशेष प्राथमिकता दी गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की समय पर तैयारियां पूर्ण कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। 17 सितम्बर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीप जलाने तथा जिला चिकित्सालय सीधी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुसमी में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 19 से 26 सितम्बर तक स्कूल एवं कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं, 26 से आंगन मिलन सेवा, 7 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति कलश यात्रा तथा 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा में मेरा योगदान सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर सेवा सेतु अभियान भी चलेगा। अभियान की गतिविधियों, विकास कार्यों एवं हितग्राहियों की सफलता की कहानियों का फोटो-वीडियो सहित व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पोर्टल पर अपलोडिंग के लिए पृथक टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों के साथ बहरी, अमिलिया, मड़वास एवं कुसमी जैसी बड़ी ग्राम पंचायतों में यातायात जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा यातायात का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हों। बैठक में सीईओ जिपं सौम्या आनंद, एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल सहित जिला अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महाअभियान की तैयारियों की हुई समीक्षा
बैठक में 17 सितम्बर से स्वामित्व योजना के हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए प्रारंभ होने वाले महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को ग्राम स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए और उन्हें पंजीयन के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पटवारी हितग्राहियों से संपर्क कर दस्तावेज एवं प्रक्रिया पूर्ण कराने में सहयोग करें तथा तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार पंजीयन प्रक्रिया को सुगम एवं त्वरित बनाएं।
जंगली हांथियों की आवाजाही को लेकर रहे सतर्क: प्रीती
वनमण्डलाधिकारी प्रीती अहिरवार ने जिले में जंगली हाथियों की आवाजाही की जानकारी दी। कलेक्टर ने सभी विभागों को सतर्क रहने तथा वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा नुकसान को रोका जा सके। वन व्यवस्थापन से संबंधित कार्यवाहियां भी निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा गया।
