ग्वालियर:बहोड़ापुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एक शातिर बदमाश पुलिस के हाथों लगा है। जब से रिमांड पर लेकर पूछताछ की गयी तो पुलिस हैरान रह गयी, बदमाश ने शहर में चोरी और झप्पटामारी की 5 घटनाओं को महज 4 दिन में अंजाम दिया है। बदमाश साईकिल से आता है और एक्टिवा चोरी करता है। चोरी की एक्टिवा का हुलिया बदलाकर बार-बार पुलिस के सामने से गुजर कर झपट्टामारी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
अब 3 थानों की पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के कोटेश्वर रोड पर सुबह हनुमान चौराहा निवासी महिला ऋचा गर्ग के साथ वारदात हुई थी। एक्टिवा सवार बदमाश उनके पास आया और झपट्टा मारकर उनका पर्स लूट ले गया था। जिसमें कैश के अलावा मोबाइल व कुछ दस्तावेज भी थे। इसके बाद बदमाश ने शहर में कई वारदातों को अंजाम दिया।
लुटेरा झपट्टा मारकर लूटे गए मोबाइल को एक्टिवा की डिक्की में रखकर चार दिन से घूम रहा था। यहीं उसने गलती कर दी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उसके पीछे लगी थी। एक दिन पहले तिघरा के पास एरिया में उसकी लोकेशन पुलिस को मिली थी, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान लक्ष्मीगंज निवासी ओम उर्फ सचिन सिंह तोमर के रूप में हुई है।
