जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत ग्राम मुडिया बाईपास में हत्या के बाद सूखी नहर में महिला की लाश फेंकने वाले कातिल को पुलिस नहीं ढूंढ पा रही है। सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाले के साथ संदेहियों से पूछताछ की गई लेकिन अब तक पुलिस के हाथ ऐसा क्लू हाथ नहीं लग सका है जिसके सहारे आरोपी तक पहुंचा जा सके। हालांकि पुलिस का दावा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। संदेहियों से लगातार पूछताछ चल रही है जल्द ही अंधी हत्या की गुत्थी सुलझा ली जायेगी।
विदित हो कि हाड़ापानी कुण्डम निवासी सुलोचना धुर्वे पति श्याम धुर्वे पोल्ट्रीफार्म में रहकर काम करती थी। 10 जनवरी को पनागर बाजार जाने के लिए वह घर से निकली थी लेकिन वापिस नहीं लौटी थी। 12 जनवरी को सोमवार सुबह लगभग 10 बजे मुडिय़ा नहर के पास सुलोचना धुर्वे का शव सूखी नहर के अंदर अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला था। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला की गला दबाकर हत्या कर शव छिपाने के उद्देश्य से नहर के अंदर फेंका गया था।
मृतिका के गले पर नाखून के निशान मिले थे। महिला की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौका- ए- वारदात से साक्ष्य जुटाए थे लेकिन अब तक कातिल का पता नहीं चल सका है। हालांकि मृतिका के करीबियों पर शक की सुई घूम रही है। पोल्ट्री फार्म में काम करने वालों से लेकर महिला के परिचितों, रिश्तेदारों के भी बयान दर्ज कर लिए गए है । लेकिन अब तक पुलिस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफल नहीं हो सकी है।
