भोपाल। मध्य प्रदेश में निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली, सिंचाई, एविएशन और धार्मिक पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव जमीन पर आ चुके हैं और निवेशकों का भरोसा मध्य प्रदेश पर बढ़ा है।
CM ने बताया कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को लगातार मजबूत किया जा रहा है। सतना, रीवा और दतिया में एयरपोर्ट की सौगात मिलने के साथ शिवपुरी और उज्जैन के लिए भी मंजूरी मिली है। वहीं अक्टूबर से भोपाल से शारजाह के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि भोपाल से दुबई और शारजाह की कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रदेश के कारोबार और पर्यटन को भी फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बिजली उत्पादन, सिंचाई के रकबे, रोजगार, औद्योगिक निवेश और मेट्रोपॉलिटन सिटी की योजनाओं का भी जिक्र किया। धार्मिक पर्यटन को लेकर महाकाल लोक, ओरछा और ओंकारेश्वर समेत अन्य धार्मिक स्थलों के विकास की बात कही गई। उन्होंने दावा किया कि बढ़ते पर्यटकों से होटल, दुकानदार, ठेले और छोटे कारोबारियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
इसके साथ ही सड़क, एक्सप्रेसवे, रेलवे और एविएशन नेटवर्क को मजबूत करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के जरिए मध्य प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसरों को और बढ़ाया जा रहा है।
