मुंबई, 18 मई (वार्ता) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरे एक आयशर ट्रक को कंटेनर ने टक्कर मार दी जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि यह हादसा सुबह लगभग 4:00 बजे दहानू के पास धनिवारी इलाके के नजदीक हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आयशर ट्रक में 40 से अधिक लोग सवार थे, तभी कंटेनर गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी । घायलों को इलाज के लिए कासा उप-जिला अस्पताल और पास के मेडिकल केंद्र में भर्ती कराया गया। इस टक्कर से मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर यातायात भी कुछ देर के लिए रुक गया, जिसके बाद अधिकारियों ने दोनों गाड़ियों को सड़क से हटाया।
गौरतलब है कि पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर हाल के सप्ताह में कई जानलेवा हादसे हुए हैं। रिपोर्ट है कि 16 मई को 600 किलोग्राम चांदी ले जा रही एक बुलियन ट्रांसपोर्ट वैन चारोटी पुल के पास एक डिवाइडर से टकरा कर सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई थी।
इससे पहले एक मई को उसी राजमार्ग पर चिंचनीपाड़ा के पास एक ट्रेलर ट्रक एक मिनी-बस से टकरा गया, जिसमें एक 50 साल की महिला की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।
