रीवा: खाड़ी देशो में अशांति के चलते एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर की मारामारी शुरू हो गई है. गोदाम से लेकर वितरण केन्द्रो में सिलेंडर के लिये लोग पहुंच रहे है. अचानक हुई किल्लत से उपभोक्ता परेशान है. वही प्रशासन भी नजर बनाए हुए है. कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में गैस गोदाम व वितरण स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिये है.दरअसल सोमवार से अचानक घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत शुरू हो गई है और धीरे-धीरे समस्या बढ़ती जा रही है.
वही अवसर का लाभ उठाकर कई लोग कालाबाजारी में जुट गये है. घरेलू गैस उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिना किसी व्यवधान के एलपीजी का वितरण कराने एवं कालाबाजारी और अफरातफरी रोकने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों ने गैस गोदामों व गैस वितरण स्थल का निरीक्षण किया. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने निर्देशित किया है कि घरेलू परिवारों को नियमित रूप से सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी वितरण में और भी उपाय शुरू किये गये हैं जिसमें पिछली डिलिवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है. इसका पालन सुनिश्चित करायें. किसी भी तरह की कालाबाजारी न हो तथा कहीं भी गैस लेने के लिए भीड़ आदि की अप्रिय स्थिति न बनें. उन्होंने मॉनीटरिंग के लिए तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी व पुलिस थाना प्रभारियों को भी क्षेत्र स्थित गोदामों व वितरण स्थल की सतत निगरानी के निर्देश दिये हैं.
