शहडोल: जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बहेरहा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बाइक को दिनदहाड़े आग के हवाले कर दिया गया। आरोपी ने गांव के बीच पेट्रोल डालकर बाइक जला दी और मौके से फरार हो गया। घटना से कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक दीपू साकेत निवासी छिरहा थाना ब्यौहारी का रहने वाला है। होली के मौके पर वह अपने जीजा-दीदी के घर जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बहेरहा गांव घूमने आया हुआ था।
घटना के दिन दीपू अपनी मोटरसाइकिल से गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी हीरालाल चौधरी अपनी बाइक से वहां पहुंच गया और दीपू को रोककर उससे विवाद करने लगा। पीड़ित के अनुसार आरोपी का विवाद कुछ दिनों पहले दीपू के जीजा और दीदी से हुआ था, जिसकी रंजिश वह मन में रखे हुए था। इसी पुराने विवाद के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी अपने साथ एक बोतल में पेट्रोल लेकर आया था। विवाद के दौरान उसने अचानक दीपू की मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी।
दिनदहाड़े बीच गांव में हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। ग्रामीणों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जयसिंहनगर पुलिस का कहना है कि पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपी हीरालाल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
