सारनी। पाठाखेड़ा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाठाखेड़ा में संचालित एनसीसी इकाई के सत्र 2025–26 के कैडेट्स की एनसीसी ‘ए’ प्रमाण पत्र हेतु प्रायोगिक परीक्षाएं गंभीरता और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। इस अवसर पर परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी एवं मार्गदर्शन हेतु एनसीसी हवलदार लोकेश तथा विद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (एनसीसी ऑफिसर) जी.आर. कापसे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रायोगिक परीक्षा के दौरान कैडेट्स की ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, प्राथमिक उपचार एवं अनुशासन संबंधी दक्षताओं का मूल्यांकन किया गया। कैडेट्स ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ परीक्षा में सहभागिता निभाई। परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक मानकों का पालन किया गया।
एनसीसी अधिकारी जी.आर. कापसे ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। वहीं हवलदार लोकेश ने कैडेट्स की तैयारियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में ‘बी’ एवं ‘सी’ प्रमाण पत्र के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने एनसीसी इकाई के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
