सिंगरौली/देवसर :बारिश के बीच बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग के पूर्वी बाईपास स्थित एसडीओपी कार्यालय के सामने एक हाइवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ और चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी-64 सीटी-3096 क्रमांक का हाइवा बुधवार रात करीब 12 बजे सीधी की ओर जा रहा था।
इसी दौरान तेज बारिश के कारण दृश्यता काफी कम हो गई। चालक ने बताया कि वाहन का वाइपर ठीक से काम नहीं कर रहा था, जिससे विंडस्क्रीन पर बारिश की बूंदें जमा हो गई थीं। उसी समय सामने से आ रहे वाहन की तेज हेडलाइट के कारण सड़क का डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं दिया और हाइवा सीधे डिवाइडर पर चढ़ गया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, चालक सुरक्षित रहा और किसी अन्य वाहन या राहगीर को भी नुकसान नहीं पहुंचा।
