इंदौर: दीवाली त्योहार के पहले पटाखा गोदामों पर प्रशासन की सख्ती बढ़ गई है. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर चल रही जांच में बिचौली हप्सी इलाके में स्थित एक गोदाम से एसिड और फिनाइल का जखीरा मिला है. वहीं, जिस व्यक्ति के नाम पर गोदाम था, उसके पास पटाखा कारोबार का लाइसेंस तक नहीं था. मौके पर अग्निशामक यंत्र पुराने मिले और पानी के ड्रम खाली पड़े थे.
तहसीलदार देवेंद्र कछावा ने बताया कि देर रात कार्रवाई करते हुए गोडाउन पर छापा मारा. जांच के दौरान पाया कि गोदाम में एसिड, फिनाइल और सिलेंडर रिफिलिंग का काम भी किया जा रहा था. गोदाम मालिक के पास न तो विस्फोटक अधिनियम के तहत अनुमति थी और न ही आग से बचाव के आवश्यक इंतजाम. खिड़कियों पर सुरक्षा जालियां तक नहीं थीं.
तहसीलदार ने मौके से सिलेंडर जब्त कर गोडाउन सील कर दिया. अमले ने जब मालिक दीपक पिता जमनादास बालचंदानी से संपर्क किया तो उसका बेटा दीपक बालचंदानी और भाई हर्षित बालचंदानी मौके पर पहुंचे. पूछताछ में वे कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिखा सके. तहसीलदार ने पंचनामा बनाकर गोडाउन को सील कर दिया और मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी.
