गंगटोक, 14 सितंबर (वार्ता) सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में शनिवार शाम भूस्खलन में सरदुंग लुन्ज़िक ग्राम पंचायत इकाई के पंचायत अध्यक्ष राजेन गुरुंग की मौत हो गयी।
यह घटना मानेबोंग-डेंटम क्षेत्र के सरदुंग लामा गांव में शाम सात बजे के आसपास हुयी और इसमें पंचायत अध्यक्ष राजेन गुरुंग मलबे में फंस गये।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने पंचायत अध्यक्ष की मौत पर दुख व्यक्त किया और सोशल मीडिया पर लिखा, “मुझे ग्यालशिंग जिले के 19-सरदोंग लुन्ज़िक जीपीयू के पंचायत अध्यक्ष श्री राजेन गुरुंग के असामयिक निधन पर गहरा दुख हुआ है। उनकी कल शाम अपर सरदोंग, लामा गांव वार्ड में उनके निवास के पास भूस्खलन में मृत्यु हो गयी। इस गहन दुख की घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ। श्री गुरुंग की अपने समुदाय के प्रति निस्वार्थ सेवा और जन कल्याण के लिये उनके अथक योगदान को सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखा जायेगा।”
उन्होंने कहा ” सिक्किम की जनता और सरकार की तरफ से मैं इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा हूं। साथ ही यह भी बताना चाहता हूं कि जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने घटना की सूचना पर फौरन प्रतिक्रिया दी और पीड़ित परिवार के सदस्यों तथा प्रभावित क्षेत्र में सभी जरूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं।”
