श्योपुर: कराहल थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपुरी में एक सड़क दुर्घटना में कार सवार देवेंद्र रावत की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनके भाई विरवल रावत घायल हो गए। दोनों भाई वरगवा से कराहल की ओर कार से आ रहे थे। सामने से आ रही एक बोलेरो से हल्की टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतक देवेंद्र रावत पूर्व मंत्री रामनिवास रावत के भांजे बताए जा रहे हैं। घायल विरवल रावत आरक्षक हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कराहल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे युवक को बाहर निकाला। पुलिस के पहुंचने तक देवेंद्र रावत की मृत्यु हो चुकी थी।
