
चूनाभट्टी में कोलार तिराहे की घटना
रुपए लेकर घर लौट रहा था व्यवसायी
भोपाल, 9 जनवरी. चूनाभट्टी स्थित कोलार तिराहे पर अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने व्यवसायी की स्कूटर को टक्कर मार दी. टक्कर लगने व्यवसायी और उसका दोस्त गिरा तो बदमाश 15 लाख रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले. घटना के समय व्यवसायी पुराने शहर से रुपये लेकर लौट रहा था. पुलिस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. बदमाशों की तलाश में क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है. जानकारी के अनुसार साहिल सिंह (34) जानकी नगर चूनाभट्टी में रहता है और दोस्त मयूर के साथ गल्ले का व्यवसाय करता है. मयूर ने बुधवार को उसे पुराने शहर में रहने वाले व्यवसायी सोनू से रुपये लाने का बोला था. साहिल दूसरे दोस्त रोहित के साथ रुपये लेने गया था. उसने सोनू से मिले रुपये एक बैग में रखे थे. दोपहर करीब सवा एक बजे दोनों कोलार कोलानी तिराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए रहे अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटर को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही साहिल और रोहित स्कूटर समेत सड़क पर गिर पड़े, इसी बीच बाइक सवार बदमाश नोटों से भरा बैग लेकर मैनिट चौराहे की तरफ भाग निकले. हड़बड़ी के चलते अपाचे बाइक का नंबर भी नहीं देखा जा सका. बाद में साहिल ने थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया. सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस बदमाशों की तलाश में चूनाभट्टी के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया है. साहिल जिस रास्ते से रुपये लेकर लौट रहा था, उस पूरे रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इसके साथ ही बदमाशों के भागने वाले रूट के भी फुटेज निकाले जा रहे हैं. पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि इस वारदात को रैकी करने के बाद अंजाम दिया गया है.
