
इस्लामाबाद, 09 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को घोषणा की कि पाकिस्तान नवंबर में तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) श्रृंखला के लिए श्रीलंका की मेजबानी करेगा।
यह श्रृंखला 11 से 15 नवंबर तक राजधानी इस्लामाबाद के पड़ोसी शहर रावलपिंडी में खेली जाएगी।
पीसीबी ने बताया कि श्रीलंका ने आखिरी बार 2019 में पाकिस्तान में एकदिवसीय श्रृंखला खेली थी, जिसमें मेजबान टीम ने 2-0 से जीत हासिल की थी।
बोर्ड ने रविवार को यह भी पुष्टि की कि पाकिस्तान 17 से 29 नवंबर तक श्रीलंका और अफगानिस्तान के साथ अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय श्रृंखला का आयोजन करेगा, जिसके मैच लाहौर और रावलपिंडी में होंगे।
दोनों श्रृंखलाएं पाकिस्तान के व्यस्त घरेलू सत्र के दौरान हो रही हैं, जिसकी शुरुआत 12 अक्टूबर से 8 नवंबर तक दो आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप मैचों और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह सफेद गेंद वाले मैचों से होगी।
