नई दिल्ली,जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आईं जापानी प्रधानमंत्री को राष्ट्रपति भवन प्रांगण में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह यात्रा दोनों देशों के बीच स्पेशल स्ट्रेटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
शिखर सम्मेलन में अहम चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री ताकाइची के बीच 16वें भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन के तहत द्विपक्षीय बातचीत होगी। इस दौरान दोनों नेता आपसी सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। ताकाइची ने यात्रा से पूर्व भारत के साथ जापान के संबंधों की महत्ता पर जोर देते हुए आर्थिक सुरक्षा, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने की प्राथमिकता जताई है।
आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी
अपनी यात्रा के दौरान जापानी प्रधानमंत्री एक संयुक्त आर्थिक मंच में भी भाग लेंगी, जिसमें 150 से अधिक जापानी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ताकाइची ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ (FOIP) और क्वाड फ्रेमवर्क के जरिए सहयोग को मजबूत करने के लिए तत्पर हैं। पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है, जो दोनों देशों के नेताओं के बीच व्यक्तिगत भरोसे को और प्रगाढ़ करेगी।

