व्यवहार न्यायालय सेमरिया की आवश्यकता और अधिकार है: उप मुख्यमंत्री

रीवा, तहसील कार्यालय परिसर सेमरिया में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सेमरिया अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा पदाधिकारियों को शपथ दिलाई. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमरिया बहुत तेजी से विकास कर रहा है. पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी के प्रयासों से सेमरिया क्षेत्र में सडक़ सिंचाई, अस्पताल और शिक्षा की सुविधाओं का विकास हो रहा है. व्यवहार न्यायालय सेमरिया की आवश्यकता और अधिकार दोनों है. इस मांग को पूरा कराने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगा.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमरिया राजनीति में सुचिता के प्रतीक स्वर्गीय यमुना प्रसाद शास्त्री की कर्मभूमि है. उन्होंने सदैव जनहित के कार्यों को वरीयता दी. आमजनता वोट देकर जनप्रतिनिधि चुनकर विकास की जिम्मेदारी देती है. इस जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए रात-दिन काम करना पड़ता है. देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक तथा अन्य क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है. प्रधानमंत्री जी ने 2047 तक देश को सबसे विकसित देश और विश्वगुरू बनाने का लक्ष्य रखा है. यह केवल सुशासन और जनता के सहयोग से ही संभव है. कई देश विरोधी ताकतें देश के हितों को नुकसान पहुंचाने वाले देशों के सहयोग से विकास में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं. आमजनता को इनसे सचेत रहने की आवश्यकता है. समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ता आमजनता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करते हैं. सेमरिया के अधिवक्ताओं ने यहाँ व्यवहार न्यायालय खोलने की मांग रखी है. यह जनहित की मांग है. जब हम संकट में होते हैं तब न्यायालय ही राह दिखाता है. समारोह में पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के सहयोग से सेमरिया को 26 करोड़ के सिविल अस्पताल, 50 करोड़ की लागत के सांदीपनि विद्यालय भवन, स्टेडियम और कालेज की सौगात मिली है.

अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेन्द्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सेमरिया में व्यवहार न्यायालय की स्थापना की मांग रखी. समारोह में उपाध्यक्ष मनोज शुक्ला, डॉ. प्रवीण तिवारी, केके सोहगौरा, राजेश पाण्डेय, गंगा प्रसाद मिश्रा, मनीष शुक्ला, सुलभ पाण्डेय, राजकुमार पाण्डेय तथा बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे.

Next Post

दीपावली पर यात्रियों को राहत, यशवंतपुर-जयपुर होलीडे स्पेशल ट्रेन का बामनिया में होगा ठहराव

Thu Oct 22 , 2026
झाबुआ. दीपावली त्योहार के दौरान यात्री ट्रेनों में बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे द्वारा यशवंतपुर-जयपुर यशवंतपुर एक्सप्रेस होलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का ठहराव बामनिया रेलवे स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है। इससे बामनिया क्षेत्र के यात्रियों […]

You May Like