शिमला (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम के करवट बदलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य में दो दिनों तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं कई जिलों में शीतलहर चलने व घना कोहरा रहने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के नौ स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। शीतलहर के कारण लोग सुबह-शाम घरों में दुबकने को मजबूर हैं। आज एवं कल प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जनवरी की शाम से 12 जनवरी की मध्य रात्रि या 13 जनवरी की सुबह तक राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ भागों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं शिमला शहर सहित राज्य के कुछ पर्यटन स्थलों पर 11 जनवरी की शाम से 12 जनवरी 2025 की दोपहर तक बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। वहीं राज्य के निचले पहाड़ी-मैदानी क्षेत्रों के कुछ भागों में हल्की वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर 11 जनवरी की दोपहर से 12 जनवरी मध्यम वर्षा और गरज के साथ अंधड़ चलने की संभावना है। 13 जनवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद, अगले दो दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
11 और 12 जनवरी को राज्य के ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी व कांगड़ा जिले के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके बाद तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर की स्थिति में कमी आएगी। वहीं कुछ भागों में कोहरा छाया रहने के आसार हैं।
शिमला में न्यूनतम तापमान 6.0, सुंदरनगर 1.3, भुंतर माइनस 0.5, कल्पा माइनस 3.4, धर्मशाला 6.4, ऊना माइनस 0.5, नाहन 6.3, पालमपुर 2.4, मनाली माइन 0.9, कांगड़ा 4.1, मंडी 2.1, बिलासपुर 4.4, हमीरपुर 2.2, डलहौजी 6.5, कुफरी 3.7, कुकुमसेरी माइनस 11.3, नारकंडा 1.4, भरमौर 2.4, रिकांगपिओ माइनस 0.6, सेऊबागं माइनस 0.2, समदो माइनस 8.0, बरठीं 2.2, कसौली 5.6, सराहन 4.7, ताबो माइनस 11.3 व बजौरा में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
