सीहोर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में मंगलवार को युवा संगम रोजगार-स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला आयोजित किया गया. इस रोजगार मेले में 401 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया तथा कंपनियों द्वारा 287 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया. मेले में 18 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे.
रोजगार मेले में स्वरोजगार विभागों द्वारा अनेक योजनाओं के तहत हितग्राहियों के प्रकरण स्वीकृत कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए. खास बात यह है कि इस रोजगार मेले में आने वाले अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया. मंगलवार को कॉलेज परिसर आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में शामिल होने के लिए सुबह से ही युवाओं की भीड़ नजर आने लगी थी। शाम तक मेले में शामिल होने के लिए 401 युवक-युवतियों पहुंचे और पंजीयन कराया. रोजगार मेले के शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने कहा कि इस मेले मे विभिन्न क्षेत्रों की अनेक कम्पनियां नियुक्ति करने आई हैं, उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएं जाएं.
वृहद स्तर पर आयोजित रोजगार मेले में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक अनुराग वर्मा, लीड बैंक अधिकारी जयदीप भट्टाचार्य, प्रभारी रोजगार अधिकारी स्वप्निल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे. मेले में करीब 18 कंपिनयों के स्टॉल लगाए गए थे. इन कंपनियों ने 287 युवक-युवतियों का प्रारंभिक चयन किया है. हालांकि अपनी पसंद की जॉब नहीं मिलने से रोजगार मेले में शामिल 114 युवक-युवतियां वापस लौट गए.
रोजगार मेले में आई थीं यह कंपनियां
एनआईआईटी (एचडीएफसी, एक्सिस बैंक), नव किसान बॉयो प्लांटेक भोपाल, शिवशक्ति बॉयो प्लांटेक भोपाल, दीपक फासनर्स जताखेड़ा, चेकमेट सेक्योरिटी सर्विसेस बड़ौदा, लायन फेब्रिक्स प्रा.लि. बुदनी, यशस्वी गु्रप भोपाल, श्रीराम फाइनेंस सीहोर, पुखराज हेल्थ केयर प्रा.लि. भोपाल, नवभारत फर्टिलाइजर जबलपुर, एसबीआई लाइफ सीहोर, आईसर कंपनी पीथमपुर, वर्धमान फैब्रिक्स बुदनी, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन सीहोर, ड्रीम फाइनेंशियल सर्विसेज एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट सीहोर, कॉसमॉस मैनपावर प्रा.लि. गांधीनगर, ट्राइडेंट ग्रुप बुदनी आदि कम्पनियों द्वारा बैंक असिस्टेंट मैनेजर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, फाइनेंस एडवाइजर, मशीन ऑपरेटर, पैकर्स, प्रमोटर, सिक्योरिटी गार्ड जैसे 700 पदों पर भर्ती करना थी. हालांकि इस दौरान 287 का ही प्रारंभिक चयन हो सका.
