
रीवा, रीवा पुलिस की नशे के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के बीच एक बार फिर पुलिस ने आधी रात नशे की बड़ी खेप को पकड़ा है।
पुलिस ने पकड़ी गई स्विफ्ट डिजायर कार में 1000 से अधिक नशीले कफ सिरप की शिशियां बरामद कर मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि पकड़ी गई खेप् तस्कर द्वारा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लायी गयी थी।
फिलहाल आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस का मामला दर्ज कर पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क का पता लग रही है।
दरअसल यह कार्रवाई रीवा जोन आईजी गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत पुलिस अधीक्षक रीवा गुरकरण सिंह के निर्देश में शहर की चोरहटा थाना पुलिस ने की है।
कार्रवाई के संबंध में थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी की एक कार में नशे की बड़ी खेप लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर करहिया रोड में घेराबंदी कार को पकड़ा गया, जिसकी तलाशी के दौरान प्लास्टिक की अलग-अलग बोरियों में नशीले कफ सिरप की तकरीबन 1052 सीसी भरी मिली।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान उपेंद्र द्विवेदी के रूप में की गई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़ी गई है यह खेप आरोपी द्वारा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाना बताया गया है।
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहां ख़पाई जानी थी, वही पुलिस नशे की खेप सप्लाई करने वाले यूपी से जुड़े नेटवर्क का भी पता लग रही है।
