
जबलपुर। जिला अस्पताल विक्टोरिया में नसबंदी शिविर के दौरान हुई लापरवाही के मामले में सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा ने नवभारत की खबर प्रकाशन के बाद शहपुरा और बरगी के चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 3 दिन के अंदर उनसे जवाब तलब किया है। पूरा मामला महिला नसबंदी ऑपरेशन के बाद महिला मरीजों को जमीन पर दरी में बैठाना और एक दिन में अधिक ऑपरेशन करने से जुड़ा है। विदित हो कि विगत 29 दिसंबर के अंक में नवभारत ने ऑपरेशन के बाद ठंड में दरी पर बैठने मजबूर महिला मरीज, जिला अस्पताल विक्टोरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल के शीर्षक की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसके बाद स्वास्थ विभाग जागा और सीएमएचओ ने इस गंभीर मामले में एक्शन लिया। बताया जा रहा है बरगी और शहपुरा के चिकित्सा अधिकारी अगर समय सीमा में स्पष्ट जवाब नहीं प्रस्तुत करेंगे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्म कार्रवाई सुनिश्चित है।
जानकारी के अनुसार राज्य स्तर के निर्देशों के मुताबिक एक शिविर या एक दिन में कुल 30 महिलाओं के नसबंदी के ऑपरेशन किए जाना ही बताया गया है बावजूद इसके विगत कुछ दिन पहले जिला अस्पताल विक्टोरिया में नसबंदी शिविर के दौरान कुल 139 प्रकरण सामने आए। ऐसी स्थिति में अस्पताल में महिला मरीजों को ऑपरेशन के बाद बैठाने की समस्या खड़ी हुई जिसका नतीजा था कि महिला मरीजों को जमीन पर दरी में बैठना पड़ा। जानकारी के अनुसार शहपुरा और बरगी से करीब 30 से 35 महिलाओं को ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल विक्टोरिया भेजा गया था जो कि तय मानकों और राज्य शासन के निर्देशों का उल्लंघन था। सीएमएचओ के एक्शन के बाद ये तो स्पष्ट हो गया है कि भविष्य में नसबंदी शिविरों के संचालन में तय मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा जिससे मरीजों को कोई परेशानी न हो।
