नयी दिल्ली, दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन 473 रन बनाकर टॉप पर हैं, वहीं वीरेंद्र सहवाग के बेटे पीछे छूट गए हैं।
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026-27 में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इस सीजन सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने अपनी बल्लेबाजी से खूब चर्चा बटोरी है। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के लिए खेल रहे सार्थक इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
सार्थक ने अब तक 8 मैचों में 473 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 41 चौके और 32 छक्के लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 166.55 का रहा है, जबकि इस सीजन उनका सबसे बड़ा स्कोर 95 रन है।
यश धुल दूसरे नंबर पर
डीपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में यश धुल दूसरे नंबर पर हैं। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की कप्तानी कर रहे धुल ने 9 मैचों में 410 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक 35 चौके और 32 छक्के लगाए हैं। खास बात ये है कि धुल के बल्ले से इस सीजन एक शतक भी देखने को मिला है।
तीसरे नंबर पर यजस शर्मा हैं, जो दिल्ली वॉरियर्स के लिए खेल रहे हैं। यजस ने 7 मैचों में 333 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 219.08 का रहा है। उन्होंने 34 चौके और 22 छक्के लगाए हैं।वहीं, पुरानी दिल्ली 6 के आर्यन गौर 7 मैचों में 305 रन बनाकर चौथे नंबर पर हैं। उनका स्ट्राइक रेट 168.51 रहा है। पांचवें नंबर पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के यश भाटिया हैं, जिन्होंने 8 मैचों में 304 रन बनाए हैं।
सहवाग के दोनों बेटे भी शामिल
दिल्ली प्रीमियर लीग में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के दोनों बेटे आर्यवीर सहवाग और वेदांत सहवाग भी हिस्सा ले रहे हैं। आर्यवीर सहवाग इस सीजन वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ एक मैच खेला है। न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ इस मुकाबले में आर्यवीर ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए थे, जिसमें 4 चौके शामिल थे।
वहीं, वेदांत सहवाग सेंट्रल दिल्ली किंग्स का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें अभी तक डीपीएल 2026 में खेलने का मौका नहीं मिला है। फिलहाल सार्थक रंजन की तूफानी बल्लेबाजी सबसे ज्यादा चर्चा में है। 473 रन के साथ वो डीपीएल 2026 के टॉप रन स्कोरर बने हुए हैं और उनकी नजर अब इस शानदार फॉर्म को आगे भी जारी रखने पर होगी।
