नौढ़िया में लाठी से नहीं, बिजली की करंट से हुई थी संजय की मौत

सिंगरौली। गोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौढ़िया निवासी संजय कुमार केवट उम्र 22 वर्ष पिता बबईलाल केवट की मौत के मामले में पुलिस जांच में अहम तथ्य सामने आए हैं। बीते दिन शुक्रवार को हुई युवक की मौत के बाद परिजनों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों और पुलिस चौकी के सामने हुए हंगामे के पश्चात अब पुलिस की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि संजय की मौत लाठी-डंडों से पीटने के कारण नहीं, बल्कि बिजली करंट लगने से हुई है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को संजय की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने आरोप लगाया था कि उसके साथियों ने शराब पीने के दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और अधमरी हालत में झाड़ियों में फेंक दिया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। इसी आरोप को लेकर शुक्रवार को गोरबी पुलिस चौकी के सामने करीब एक घंटे से अधिक समय तक हंगामा और सड़क जाम की स्थिति बनी थी। पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ था।

इसके बाद पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की गई। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच के दौरान मृतक के कान के नीचे बिजली करंट के स्पष्ट निशान पाए गए, जो करंट लगने की ओर इशारा करते हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक संजय कुमार कथित तौर पर विद्युत तार काटने के उद्देश्य से खंभे पर चढ़ा था, इसी दौरान उसे तेज करंट लगा और वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस ने यह भी बताया कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्य एवं तथ्यों को परिजनों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि संजय की मौत किसी प्रकार की मारपीट से नहीं, बल्कि बिजली करंट की चपेट में आने से हुई है। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में लाठी या अन्य हथियार से मारपीट के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और जांच प्रक्रिया में सहयोग करें।

 

 

Next Post

एफपीआई निवेशकों ने जनवरी में निकाले 27,454 करोड़ रुपये

Sun Jan 25 , 2026
मुंबई, 25 जनवरी (वार्ता) देश के पूंजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेश (एफपीआई) में जनवरी में अबतक 27,454 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गयी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई निवेशकों ने जनवरी में शुद्ध रूप से 33,518 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची। अन्य माध्यमों में वे शुद्ध रूप […]

You May Like