
झाबुआ। शुक्रवार को शहर से सटे उत्कृष्ट सड़क पर किशनपुरी में वेयर हाउस के बाहर मोड़ पर एक ट्राला पलटने से मोटरसाईकिल सवार दो लोगांे की मौत हो गई जबकी हादसे में चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पुलिस द्वारा पहुंचकर 108 एंबुलेंस से शवों एवं घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहीं दुर्घटना में पलटे ट्राले को जेसीबी मशीन और क्रेन की मद्द से सीधा किया। दुर्घटना को लेकर पुलिस कोतवाली झाबुआ में अपराध पंजीबद्ध किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम 4 बजे के करीब की है। ट्राला कच्छ-भुज (गुजरात) से होकर मप्र के कटनी की ओैर जा रहा था। ट्राले में नलों के पाईप को भरने के लिए उपयोग मंें आने वाला पीवीसी पाउडर के बैग से पूरा ट्राला भरा हुआ था। उत्कृष्ट सड़क पर किशनपुरी में वेयर हाउस के मोड़ पर ट्राले का संतुलन बिगड़ने से वह पलटी खा गया। इस दौरान ट्राला वहा से गुजर रहीं दो मोटरसाईकिल पर गिर गया जिससे देवझिरी निवासी एक पुरूष एवं कल्याणपुरा निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
