छत्तीसगढ़ हॉकी लीग : न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने दर्ज की पहली जीत

रायपुर, 28 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मंगलवार रात खेले गए मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स ने चक्रधर चैंपियंस के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेलकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

मंगलवार के पहले मुकाबले में सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स और एस.वी. सुनील की चक्रधर चैंपियंस के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने चार-चार गोल किए, लेकिन अंक तालिका में बेहतर स्थिति के आधार पर न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित कर ली।

चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। उन्होंने दो गोल पेनल्टी स्ट्रोक से और एक फील्ड गोल किया। टूर्नामेंट में यह उनकी दूसरी हैट्रिक रही। टीम का चौथा गोल खोगेश्वर के नाम रहा। दूसरी ओर न्यायधानी नाइट्स के केतन ने आक्रामक खेल से विपक्षी रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा।

मुकाबले के दूसरे क्वार्टर में केतन के शानदार मूव पर आदर्श ने गोल कर न्यायधानी नाइट्स को बढ़त दिलाई। इसके बाद सोनू निषाद ने गेंद को गोल में पहुंचाकर टीम की स्थिति मजबूत की। तीसरे क्वार्टर में भी नाइट्स ने आक्रामक खेल जारी रखा। हालांकि, वाल्मीकि के लगातार गोलों ने चक्रधर चैंपियंस को मुकाबले में बनाए रखा और अंततः मैच बराबरी पर समाप्त हुआ।

दिन के दूसरे मुकाबले में शमशेर की कप्तानी वाली संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 4-2 से पराजित किया। स्ट्राइकर्स की जीत में आशीष तानी पूर्ति और शाहरुख ने दो-दो गोल कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पहले क्वार्टर में आशीष ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्ट्राइकर्स को बढ़त दिलाई। हालांकि, मध्यांतर से ठीक पहले राजधानी रॉयल्स के रोशन ने शानदार रिवर्स हिट से गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।

इसके बाद स्ट्राइकर्स ने आक्रामक रुख अपनाया। शाहरुख ने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल कर टीम को दोबारा बढ़त दिलाई। आशीष ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त मजबूत की। इसके साथ ही टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या नौ हो गई। तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट में शाहरुख ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया।

राजधानी रॉयल्स की ओर से ललित उपाध्याय ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल कर अंतर कम किया, लेकिन टीम हार टालने में सफल नहीं हो सकी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीष को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और शाहरुख को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मुकाबलों के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित विभिन्न संस्थानों और खेल संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

Next Post

कमला राजा अस्पताल में महिला का मोबाइल चोरी, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद

Wed Oct 28 , 2026
ग्वालियर: ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र स्थित कमला राजा अस्पताल में एक महिला का मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। टीकमगढ़ से इलाज कराने आई महिला शिवानी पटेरिया ने इस संबंध में कम्पू थाना प्रभारी के नाम आवेदन देकर मोबाइल की तलाश करने और उचित कार्रवाई करने […]

You May Like