लॉस एंजिलिस के एकेडमी थिएटर में ‘रामायण’ का भव्य वर्ल्ड प्रीमियर, दर्शकों ने वीएफएक्स और अभिनय की जमकर की तारीफ

लॉस एंजिलिस (हैदराबाद), नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भारत की महागाथा ‘रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड’ का अमरीका के लॉस एंजिलिस स्थित प्रतिष्ठित एकेडमी थिएटर में भव्य वर्ल्ड प्रीमियर आयोजित किया गया। प्रीमियर के बाद सोशल मीडिया पर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों और समीक्षकों की ओर से बेहद शानदार प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। दर्शकों ने फिल्म के भव्य विजुअल्स, विश्वस्तरीय वीएफएक्स, प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूजिक और भारतीय पौराणिक चेतना के प्रति निष्ठा की जमकर सराहना की। फिल्म में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के किरदार में साई पल्लवी और रावण के रूप में रॉकिंग स्टार यश के अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

100 से अधिक देशों की 50,000 स्क्रीन्स पर एक साथ रिलीज होगी फिल्म, वैश्विक स्तर पर भारतीय सिनेमा और संस्कृति का बनेगा नया इतिहास

निर्माता नमित मल्होत्रा (प्राइम फोकस स्टूडियोज) द्वारा निर्मित ‘रामायण’ न केवल भारतीय सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रही है, बल्कि यह भारत की कालजयी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सबसे बड़ा प्रयास है। यह फिल्म दुनिया भर के 100 से अधिक देशों में 50,000 से भी ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होने जा रही है। भारत से बाहर इस भव्य फिल्म का वैश्विक वितरण अंतरराष्ट्रीय सिनेमा दिग्गज सोनी पिक्चर्स द्वारा किया जाएगा, जबकि भारतीय हिंदी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसके वितरण की कमान संभाल रही है।

आठ बार की ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG के सहयोग से दो भागों में बनी है फिल्म, पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में देगा दस्तक

आठ बार ऑस्कर पुरस्कार जीत चुकी वीएफएक्स कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से तैयार की गई यह महाकाय फिल्म दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को आईमैक्स (IMAX) और सामान्य थिएटरों में दुनियाभर के भीतर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित प्रमुख भाषाओं में प्रदर्शित होगा, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के इस भव्य प्रीमियर ने रिलीज से पहले ही इसे साल 2026 की सबसे बड़ी वैश्विक ब्लॉकबस्टर की दौड़ में ला खड़ा किया है।

Next Post

प्रभास की फिल्म 'फौजी' के टीजर पर भड़के नेताजी के पोते चंद्र कुमार बोस, पीएम मोदी से की बैन करने की अपील

Wed Oct 28 , 2026
हैदराबाद,  सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित पीरियड एक्शन फिल्म ‘फौजी’ (Fauji) का टीजर रिलीज होते ही बड़े विवादों में घिर गया है। महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता चंद्र कुमार बोस ने फिल्म के टीजर पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं […]

You May Like