
शिवपुरी। जिले के गौचोनी गांव में आज मंगलवार दोपहर एक युवक का शव खेत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पवन लोधी पुत्र रामेश्वर लोधी निवासी गौचोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक खेत में पवन लोधी का शव देखा। सूचना मिलने पर हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के रिश्तेदार उमेश लोधी ने बताया कि सोमवार को परिवार में रामायण पाठ के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन था। भोजन के बाद पवन खेत पर रखवाली करने के लिए चला गया था। मंगलवार दोपहर उसकी मौत की सूचना मिली।
उमेश लोधी का आरोप है कि पवन के शरीर पर चोट के निशान थे। साथ ही उसका मोबाइल फोन शव से करीब 50 मीटर दूर टूटी हुई हालत में मिला। उन्होंने बताया कि गांव में उनकी कुछ लोगों से रंजिश भी चल रही थी, इसलिए उन्हें हत्या की आशंका है।
