डांस रियलिटी शो से शुरुआत, ‘गोपी बहू’ बनकर छाईं देवोलीना, जानें दिलचस्प करियर सफर

मुंबई, पॉपुलर एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्या के जन्मदिन पर जानिए उनकी जिंदगी से जुड़ी खास बातें। डांस रिएलिटी शो से करियर शुरू कर टीवी की फेमस बहू बनने की सफरनामा।

टेलीविज़न इंडस्ट्री में अपनी एक खास पहचान बना चुकीं अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्या आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। असम के एक बंगाली परिवार में जन्मीं देवोलीना ने अपनी मेहनत और कला के दम पर भारतीय टीवी जगत में एक अमिट छाप छोड़ी है। बहुत कम लोग जानते हैं कि टीवी पर एक सीधी-साधी बहू का रोल निभाने वाली देवोलीना असल जिंदगी में काफी पढ़ी-लिखी और बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। आइए जानते हैं डांस के मंच से लेकर एक्टिंग की ऊंचाइंयों तक पहुंचने का उनका यह सफर कैसा रहा।

डांस के मंच से शुरू हुआ एक्टिंग का सफर
देवोलीना का रुझान बचपन से ही कला की ओर था। उन्होंने शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम में ट्रेनिंग हासिल किया है। एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने साल 2010 में पॉपुलर डांस रिएलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ के मंच पर अपना हुनर दिखाया था। इस मंच पर उनके शानदार प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यही वह टर्निंग पॉइंट था जहां से उनके लिए एक्टिंग के दरवाजे खुलने लगे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और टीवी सीरियल्स का रुख किया।

गोपी बहू बनकर मिली घर-घर में पहचान
साल 2011 में धारावाहिक ‘संवारे सबके सपने प्रीतो’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली देवोलीना को असली पहचान साल 2012 में मिली। इस साल उन्होंने सीरियल ‘साथ निभाना साथिया’ में गोपी बहू का रोल निभाया। इस रोल ने उन्हें रातों-रात भारत के हर घर में फेमस कर दिया। उनकी सादगी और बेहतरीन एक्टिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस शो के जरिए वे भारतीय टेलीविजन की सबसे चहेती एक्ट्रेसेस की फेहरिस्त में शामिल हो गईं।

फैशन डिजाइनिंग से लेकर बिग बॉस तक का सफर

एक्टिंग और डांस के अलावा देवोलीना भट्टाचार्या की पढ़ाई-लिखाई में भी गहरी रुचि रही है। उन्होंने प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई पूरी की है। टीवी की दुनिया में नाम कमाने से पहले उन्होंने बतौर फैशन डिजाइनर भी काम किया था।

उनके इसी बहुमुखी व्यक्तित्व और दर्शकों के बीच जबरदस्त पॉपुलेरिटी के कारण उन्हें साल 2019 में देश के सबसे बड़े रिएलिटी शो ‘बिग बॉस’ में प्रतिभागी के रूप में देखा गया। वहां भी उनके बेबाक और निडर अंदाज को लोगों ने खूब सराहा।

Next Post

नीरज का 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो, फिर भी गोल्ड से चूके; श्रीलंका के रुमेश से लगातार तीसरी बार पिछड़े

Sat Aug 22 , 2026
लुसाने, लुसाने डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा ने 88.05m का सीजन बेस्ट थ्रो कर सिल्वर जीता। श्रीलंका के रुमेश ने 88.14m के थ्रो से गोल्ड पर कब्जा जमाया। भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो किया, […]

You May Like